• 07:08 PM- Jun 02, 2026

हैती में सेवियन गिरोह के हमले में 50 लोगों की मौत


हैती में सेवियन गिरोह के हमले में 50 लोगों की मौत
Image Source By : hindustan samachar

पोर्ट-औ-प्रिंस, 04 अक्टूबर। कैरिबियन देश हैती के छोटे शहर पोंट-सोंडे में गुरुवार को सशस्त्र सेवियन गिरोह (ग्रैन ग्रिफ गिरोह) के हमले में कम से कम 50 लोग मारे गए। पोंट-सोंडे राजधानी पोर्ट-औ-प्रिंस से लगभग 71 किलोमीटर (44 मील) उत्तर-पश्चिम में सेंट-मार्क के कम्यून में है।

द हैतियन टाइम्स अखबार के अनुसार, डाकुओं के इस हमले में दर्जनों अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारियों को संदेश भेजकर मदद की गुहार लगाई है। ग्रैन ग्रिफ गिरोह के इस जानलेवा हमले के दौरान अधिकांश लोग घर छोड़कर भाग गए। एक अधिकारी के अनुसार, हताहतों की सही संख्या अभी तक ज्ञात नहीं हो सकी है। अनेक घायलों को तत्काल सेंट-निकोलस अस्पताल पहुंचाया गया। इस हमले ने पोंट सोंडे क्षेत्र और सेंट-मार्क जैसे पड़ोसी क्षेत्रों के निवासियों में दहशत पैदा कर दी है।

अखबार के अनुसार, इस गिरोह ने आज सुबह से पोंट-सोंडे पर पूरी तरह से नियंत्रण कर लिया है। पोंट-सोंडे में हमले से बचने के लिए भाग रहे सैकड़ों परिवार वर्तमान में सेंट-मार्क में फिलिप ग्युरियर सार्वजनिक चौराहे पर हैं।